फर्रुखाबाद। गोसदन में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर अमर उजाला का अभियान रंग ला रहा है। जिला प्रशासन धीरे-धीरे सभी अव्यवस्थाओं को सुधरवा रहा है। डीएम के आदेश पर गोसदन की रखवाली के लिए छह होमगार्ड तैनात किए गए हैं। तीन शिफ्टों में दो-दो होमगार्ड आठ-आठ घंटे की ड्यूटी करेंगे।
कटरी धर्मपुर स्थित राजकीय गोसदन में पशुओं की हो रही मौतों की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। इसके बाद सामाजिक और हिंदूवादी संगठनों ने भी वहां सुरक्षा व्यवस्था कराने की जिला प्रशासन से मांग की थी। इसपर डीएम मोनिका रानी ने होमगार्ड तैनात करने के आदेश दिए। प्रबंधक प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को होमगार्ड दिनेश सिंह और अनुराग सिंह ड्यूटी करने आए। इसके अलावा भारत सिंह, रामनंदन समेत छह होमगार्ड आठ-आठ घंटे तीन शिफ्टों में काम करेंगे। उन्होंने बताया कि वह भी देर शाम तक गोसदन में रुककर पशुओं का ख्याल रखेंगे। पशु चिकित्सीय टीम भी सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक आकर रुकी थी। होमगार्डों की ड्यूटी सुबह चार से 12, दोपहर 12 से रात आठ और रात आठ से सुबह चार बजे तक लगाई गई है।
आज लगेगा गोसदन में गेट
फर्रुखाबाद। गोसदन में गेट न लगने से किसानों को परेशानी हो रही है। प्रबंधक का कहना है कि गुरुवार को गेट लगवा दिया जाएगा। 25 नवंबर को सर्वोदय मंडल के पूर्व महामंत्री लक्ष्मण सिंह ने अपने साथियों के साथ गोसदन में हंगामा किया था। उन्होंने गोसदन के पश्चिमी तरफ का गेट तोड़कर पशुओं को बाहर कर दिया था। गोसदन से निकलने के बाद पशु आसपास के खेतों में घुस गए। इससे किसानों ने फसल बचाने के लिए उन्हें खदेड़ दिया। अभी भी गोसदन का गेट न लगने से पशु खेतों में घुस जाते हैं। इससे किसान परेशान हैं। किसान रामकिशोर, हरीश कुमार, सौदान सिंह, किशनपाल, रामकिशोर, सुंदर सिंह, सुखलाल आदि किसानों का कहना है कि गोसदन का गेट न होने से रातों में भी खेतों की रखवाली करनी पड़ती है। गो सदन के प्रबंधक ने बताया कि गेट लगाने के लिए सीमेंट और मौरंग मंगवा ली गई है। गुरुवार को गेट हर हाल में लगवा दिया जाएगा। ब्यूरो