कायमगंज (फर्रुखाबाद)। चीनी मिल में बॉयलर की ट्यूबें फटने के बाद मिल प्रशासन उनकी मरम्मत कराने में जुटा है। मरम्मत काम में तेजी लाने के लिए बदायूं की मिल से अतिरिक्त एक्सपेंडर मशीन मंगाई गई है। मिल प्रशासन ने देर रात तक पेराई शुरू करने की उम्मीद जताई है।
चीनी मिल में 23 नवंबर को पेराई शुरू हुई। करीब तीन हजार क्विंटल गन्ने की पेराई के बाद बॉयलर की तीन ट्यूबें फट गईं। मरम्मत के लिए कानपुर से इंजीनियर्स की टीम बुलाई गई। मरम्मत शुरू हुई तो अन्य ट्यूबों में लीकेज बढ़ते गए। मरम्मत काम बढ़ने से देरी हो रही थी। सोमवार रात बदायूं की मिल से एक्सपेंडर मशीन मंगाई गई। बॉयलर की सभी ट्यूबों में काम चल रहा है।
पांच दिन से मिल गेट पर खड़े किसान परेशान हैं। उन्हें अपने गन्ना सूखने की चिंता सता रही है। मिल प्रशासन भी बेहद परेशान है। पेराई न होने से मिल भी काफी नुकसान में है। जीएम डीके सक्सेना ने बताया कि ट्यूबों के ज्वाइंट को जल्दी से जल्दी ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि देर रात तक पेराई काम शुरू हो जाएगा।