फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई का असर रविवार को मातहतों में देखने को मिला। टीईटी के दौरान पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था में पैनी नजर रखे रही। एसपी ने भी इसका जायजा लिया। इसके चलते लोगों को जाम से निजात मिली।
वैसे तो शहर में रोजाना हर तिराहे-चौराहे पर जाम की स्थिति बनती है और इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। पर शनिवार को कमल संदेश बाइक रैली के दौरान जब जाम में पुलिस अधीक्षक फंस गए तो उन्होंने घुमना चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था पर नजरें जमाए रहा। टीईटी होने के बावजूद शहर में कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनी। पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर काफी सजग नजर आई।
पुलिस अधीक्षक ने भी घूम-घूमकर स्थिति का जायजा लिया। यही वजह रही कि रोजाना रोडवेज बसअड्डा के बाहर, लालदरवाजा फव्वारा के पास, घुमना बाजार, त्रिपोलिया चौक, आवास विकास चौराहा और तिकोना चौकी आदि स्थानों पर जाम नहीं दिखाई दिया। कुछ देर के लिए ठंडी सड़क पर जाम की स्थिति जरूर बनी लेकिन आईटीआई पर खड़े ट्रैफिक पुलिस के सिपाहियों ने जाम खुलवा दिया। टीईटी समाप्त होने के बाद एक दम से पुलिस ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों से नहीं निकलने दिया। पुलिस की मुस्तैदी का ही असर रहा कि टीईटी होने के बावजूज आवागमन आसानी से हुआ।
-टीईटी के दौरान पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था पर रखे रही नजर
अमर उजाला ब्यूरो