फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट आयुष्मान योजना को सफल बनाने के लिए नए दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया भी चल रही है। इसी के तहत शुक्रवार को तीन पदों के लिए अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग की गई। जल्दी ही तीन लोगों को नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा।
आयुष्मान योजना के तहत जिले में तीन पदों पर नियुक्त दी जानी है। इसमें एक पद डिस्ट्रिक प्रोग्राम कोर्डिनेटर, डिस्ट्रिक प्रोग्राम मैनेजर और जिला ग्रिवांस मैनेजर की नियुक्त की जानी है। डिस्ट्रिक प्रोग्राम कोर्डिनेटर के लिए एमबीबीएस या फिर बीएएमएस की डिग्री होना जरूरी है। इस पद पर नियुक्त व्यक्ति को आरोग्य मित्रों को नहीं समझ में आने वाले मेडिकल संबंधी समस्याएं देखनी होंगी। इसी तरह डिस्ट्रिक्ट इनफॉरमेशन मैनेजर के पास इंजीनियर की डिग्री होना जरूरी है।
ये जिले में आयुष्मान योजना के संबंध में होने वाली किसी भी समस्या को सुलझाने का काम करेंगे। वहीं ग्रीवांस मैनेजर को जिले में आयुष्मान योजना से संबंधित सभी शिकायतों का निवारण करना है। इन तीनों पदों के लिए कुल 68 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। जिनकी शुक्रवार को सीडीओ की अध्यक्षता वाली समिति ने स्क्रीनिंग की। स्क्रीनिंग में चयन होने के बाद अभ्यर्थियों का साक्षात्कार जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बनाई गई समिति लेगी। तब इन लोगों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
- सीडीओ की अध्यक्षता में की गई स्क्रीनिंग
- जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति लेगी साक्षात्कार
अमर उजाला ब्यूरो