फर्रुखाबाद। जिले के खिलाड़ी पंच के साथ ही किक से भी अंक बटोरेंगे। इसके लिए जिले की किक बॉक्सिंग एसोसिएशन को मान्यता मिल गई है। शहर के ही अथक को इसका सचिव व कोच नियुक्त किया गया है। उनके दिशा निर्देशन में ही अब जिले में किक बॉक्सिंग के खिलाड़ी प्रैक्टिस करेंगे।
लखनऊ में रविवार को उत्तर प्रदेश किक बॉक्सिंग की ओर से एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें जिले की किक बॉक्सिंग एसोसिएशन बनाई गई। इसके सचिव पद की जिम्मेदारी शहर के पूर्व खिलाड़ी व कोच अथक पटेल को दी गई है। अब वह जिले में खिलाड़ियों को तैयार करेंगे। वह खुद भी कई बार राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर चुके हैं।
अथक ने बताया कि जिले में अभी भी कुछ अच्छे खिलाड़ी हैं। इसमें सीनियर वर्ग के अमित व सौरभ इसी वर्ष मेरठ में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुके हैं। अभी तक न ही उनके पास फंड होता था न ही कोई सुुविधा मिल पाती थी। वह ऐसे ही सीमित संसाधनों में खिलाड़ियों को तैयार करने का प्रयास करते थे। अब उन्हें एक मंच मिल गया है। जल्द ही जिले के खिलाड़ी प्रदेश व देश स्तर पर नाम रोशन करेंगे।
वर्जन
जिला क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर पटेल ने बताया कि इसी साल किक बॉक्सिंग एसोसिएशन को ओलंपिक संघ से मान्यता मिली थी। अब जिले में भी इसकी शुरूआत हो गई है। इस खेल से भी जिले को अच्छे खिलाड़ी मिलेंगे।