अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। 33 केवी लाइन में फाल्ट से चार विद्युत उपकेंद्र बंद हैं। इससे दो सौ गांवों की बिजली तीन दिन से गुल है। इससे अमृतपुर तहसील में सोमवार को काम काज प्रभावित रहा। नवाबगंज कसबा का बंच कंडक्टर खराब होने से पांच सौ उपभोक्ताओं को चौथे दिन भी बिजली नहीं मिली।
अमृतपुर तहसील, अमृतपुर, राजेपुर और सलेमपुर की 33केवी लाइन में फाल्ट आ गया था। 11 केवी लाइन के तार भी टूट गए थे। इससे चारों विद्युत उपकेंद्र बंद हो गए। इस कारण करीब 200 गांव, अमृतपुर, राजेपुर कसबा और अमृतपुर तहसील की बिजली बंद चल रही है। सोमवार को तीसरे दिन भी फाल्ट ठीक न हो पाने से बिजली गुल रही। इससे अमृतपुर तहसील में सोमवार को काम काज प्रभावित रहा। जनरेटर से विभागीय काम किए गए। लाइनमैन ने 11 केवी के टूटे तारों को जोड़ दिया है। 33 केवी लाइन में अभी तक फाल्ट नहीं मिला। इससे उपकेंद्रों को विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। तीन दिन से लगातार बिजली न मिलने से ग्रामीण परेशान हैं।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार, कसबा चौराहा से बरतल वाली गली का बंच कंडक्टर करीब चार दिन पूर्व खराब हो गया था। इससे पुराना गनीपुर, नया गनीपुर और आधे कसबे की बिजली बंद है। बंच कंडक्टर में आए फाल्ट को खोज कर ठीक नहीं किया गया। इससे चार दिन से लगातार बिजली गुल है। कसबा के लोगों ने इसकी शिकायत एक्सईएन कायमगंज से की है। एक्सईएन कायमगंज जीएस कशेरवाल ने बताया कि बंच कंडक्टर में जो फाल्ट है, उसको खोज कर ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।