अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। भूसा लदे ट्रैक्टर को बचाने में पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। दुर्घटना में चालक समेत सब्जी व्यापारी घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
हरदोई जिले के थाना पाली के गांव कौसिया निवासी रामलड़ैते दिवाकर (45) खुद का लोडर चलाता था। रविवार सुबह वह गांव के ही सब्जी व्यापारी अवनीश और पड़ोसी गांव सरसई निवासी बलवीर राठौर और उसके भाई सूरजपाल को लेकर मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव अर्राआवाजपुर स्थित नवीन मंडी जा रहा था। राजेपुर के गांव चाचूपुर के पास सामने से आ रही भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्राली को बचाने में लोडर बेकाबू होकर पलट गया। इससे चालक समेत अन्य लोग घायल हो गए। घटना को देखकर गांव के लोग मौके पर आ गए। घायलों को बाहर निकाला गया।
गांव वालों ने घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टर ने रामलड़ैते को मृत घोषित कर दिया। घायल बलवीर और सूरजपाल को भर्ती कर लिया। अवनीश को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पत्नी आशादेवी और मां सुरजादेवी का बुरा हाल हो गया। छोटे भाई महेश ने बताया कि रामलड़ैते की चार बेटियां और एक बेटा अजय है। एक बेटी की शादी हो चुकी है।