अमर उजाला ब्यूरो
शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के ढाईघाट रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो खड्ड में पलट गया। दुर्घटना में दंपति समेत छह लोग घायल हो गए। उपचार के दौरान एक घायल की मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया।
गांव ललौर निवासी अकील (40) की ससुराल थाना मऊदरवाजा के गांव हैवतपुर गढ़िया में है। शुक्रवार को अकील अपनी पत्नी आसिया, पुत्र तौसीफ, तौकीर और अन्य रिश्तेदारों के साथ साले मजहर अली की मौत पर टेंपो से ससुराल गए थे। शाम को सभी लोग वापस घर जा रहे थे। शाम करीब सात बजे ढाईघाट रोड पर पीछे से आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो बेकाबू होकर खड्ड में पलट गया। दुर्घटना होते देख चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया।
इस दुर्घटना में अकील के अलावा सलीम, छन्नो पत्नी गुच्छन, महताब, इनकी पत्नी हाशमी बेगम और टेंपो चालक पप्पू घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने अकील को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन अकील को लोहिया अस्पताल ला रहे थे, तभी रास्ते में अकील ने दम तोड़ दिया। परिजन शव घर ले गए। शव देख परिजन रोने-बिलखने लगे। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।