अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। सदर तहसील में नए नायब तहसीलदार को करीब एक पखवारे से अभिलेखीय चार्ज नहीं मिला है। इसके चलते ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कब्जों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
करीब एक पखवारा पहले नायब तहसीलदार चूणामणि का तबादला सदर तहसील से हो गया था। यहां पवन गुप्ता की नायब तहसीलदार पद पर तैनाती हुई थी। अभी तक नायब तहसीलदार को अभिलेखीय चार्ज नहीं दिया गया है। इसके चलते दाखिल खारिज, वाद निपटारा, कब्जे की शिकायतें और अन्य काम प्रभावित हो रहे हैं। दूरदराज से ग्रामीण सदर तहसील अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए आते हैं लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता है। नायब तहसीलदार यह कहते हुए हाथ खड़े कर देते हैं कि अभी उन्हें अभिलेखीय चार्ज नहीं मिला है।
मंगलवार को सदर तहसील में कब्जा हटवाने की शिकायत लेकर पहुंचे पंकज बाथम ने बताया कि एक सप्ताह से आ रहे हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। नायब तहसीलदार पवन गुप्ता ने बताया कि एक-दो दिन में अभिलेखीय चार्ज मिल जाएगा। तहसीलदार सदर प्रदीप कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। सदर तहसील के पूर्व नायब तहसीलदार चूणामणि से बात कर अभिलेखीय चार्ज एक-दो दिन में नायब तहसीलदार पवन गुप्ता को दिला दिया जाएगा।