कमालगंज। कूड़ा डालने गए वृद्ध का पैर फिसलने से वह नाले में गिर गए। काफी देर तक नाले में पड़े रहने से उनकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव रजीपुर निवासी सुखवासी लाल पाल (58) गुरुवार तड़के जानवरों के पास साफ-सफाई कर कूड़ा डालने खेत पर जा रहे थे। घर के पास बने नाले के पास पैर फिसल गया और वह नाले में गिरकर डूब गए। रोशनी होने पर गांव के ही राजकुमार वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने देखा कि गांव के ही सुखवासी लाल नाले में पड़े हैं।
इसकी सूचना परिजनों को दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंच गए। जैसे तैसे उन्हें नाले से बाहर निकाला। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने बताया कि वह शरीर से कमजोर थे। कूड़ा भरा तसला न उठा पाने के चलते उनका पैर फिसल गया। इससे उसकी मौत हो गई।