अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। असगर रोड मोहल्ले से रविवार को कमरे से डेढ़ माह के बच्चे को बंदर उठा ले गया। करीब बीस मिनट तक मकान की दूसरी मंजिल की बाउंड्रीवाल पर बंदर बच्चे को लिए बैठा रहा। इसके बाद उसे खुद ही कमरे में छोड़कर चला गया। बच्चे को खरोच तक नहीं आई।
मोहल्ला असगर रोड निवासी पिंटू वाल्मीकि के पुत्र शिवा की शादी पायल के साथ हुई है। डेढ़ माह पहले ही पायल ने पुत्र को जन्म दिया। पायल के मुताबिक सुबह वह पुत्र को कमरे में लिटाकर घर के कामकाज करने लगी। इसी दौरान एक बंदर आया और चारपाई पर लेटे डेढ़ माह के पुत्र को उठाकर दूसरी मंजिल पर ले गया। यह देख पायल ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोग आननफानन में मौके पर पहुंच गए।
दूसरी मंजिल के बाउंड्रीवाल पर बंदर बच्चे को चिपकाकर बैठ गया। लोगों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया तो वह उसे लेकर बाउंड्रीवाल पर चलने लगा। यह देख लोगों के हाथपांव फूल गए। इस पर सभी लोग छिप गए। करीब 20 मिनट बाद पिंटू के दूसरी मंजिल पर बने कमरे में बच्चे को छोड़कर बंदर भाग गया। परिजनों ने हनुमान मंदिर जाकर प्रसाद चढ़ाया।