अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। लोकसभा चुनाव के लिए प्रशासन ने कमर कसनी शुरू कर दी है। अब एक सितंबर से दोबारा मतदाता पुनरीक्षण अभियान शुरू हो रहा है। इस अभियान में नए मतदाता बनने के साथ ही वोटर आईडी की गलतियां भी सुधरवाई जा सकती हैं।
निर्वाचन आयोग ने एक सितंबर से 31 अक्तूबर तक मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। यदि आपने मकान बदल लिया है तो दूसरा पता दर्ज कराया जा सकता है। यदि आप दो स्थान से मतदाता बने हैं तो एक स्थान से अपना नाम कटवा लें। उपजिलानिर्वाचन अधिकारी गुलाबचंद ने बताया कि नए मतदाता बनने के लिए फार्म छह भरा जाता है। मतदाता सूची में किसी गलती को ठीक कराने और फोटो शामिल कराने के लिए फार्म-8 भरा जाएगा। संबंधित फार्म पर अपने आवेदन पत्र के साथ फोटो, पता और जन्मतिथि प्रमाण लगाना होगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
नए मतदाता बनने के लिए एक तारीख से आप ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए नेट पर वेबसाइट nvsp खोलें। प्रदेश और जिला भरने के बाद विधानसभा क्षेत्र का विकल्प आ जाएगा। आवेदन पत्र खोलकर फोटो, आयु, निवास, प्रमाणपत्रों की स्कैन कॉपी अपलोड करें। ऑनलाइन आवेदन करते वक्त अपना मोबाइल नंबर जरूर डालें। ई-मेल के माध्यम से पावती के लिए ई-मेल एड्रेस संबंधित कॉलम में भरें।
बढ़ सकती है तारीख
जिले में मतदाता पुनरीक्षण की तारीख में बदलाव हो सकता है। अधिकारियों के मुताबिक कई क्षेत्र इस समय बाढ़ ग्रस्त हैं। वहां पर बीएलओ नहीं पहुंच सकते। इससे तारीख आगे बढ़ने का अंदेशा लगाया जा रहा है। माना जा रहा है कि दो से तीन दिन में इसका आदेश भी आ जाएगा।