अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। पत्नी की हत्या कर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले सैन्य कर्मचारी के मामले में यूनियन अध्यक्ष की सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इस पर यूनियन अध्यक्ष ने आपत्ति उठाई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भेजा है।
एमईएस राष्ट्रीय कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष बृज किशोर गुप्ता और शाखा सचिव संजीव कुमार दुबे ने एसपी को भेजे प्रार्थना पत्र में कहा कि पांच अगस्त 2018 को कासिमबाग में विभाग के कर्मचारी सुनील यादव और उसकी पत्नी सोनी यादव के शव कमरे में मिले थे। सोनी के भांजे ने यूपी 100 पर सूचना दी थी। पुलिस करीब डेढ़ घंटे तक नहीं आई। अधिकारियों ने यूनियन वालों को सूचना दी। तब फतेहगढ़ कोतवाली में मौखिक सूचना दी गई। कोतवाल ने लिखित सूचना मांगी।
यह पता चला कि सुनील के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। वह जांच कराना चाहता है। यूनियन की ओर से सिर्फ घटना की सूचना दी गई थी। रिपोर्ट दर्ज कराने को कोई तहरीर नहीं दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। संगठन के अध्यक्ष और शाखा सचिव ने दर्ज हुई रिपोर्ट को अमान्य कर सुनील के भाई की तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई किए जाने की एसपी से मांग की है।