अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। सावन के तीसरे सोमवार को शहर के प्रमुख शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। मंदिरों में बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर मनौती मांगी। कांवरियों की भी भीड़ रही।
शहर के पांडेश्वरनाथ मंदिर और कोतवालेश्वरनाथ मंदिर में भोर से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। पांडेश्वरनाथ मंदिर में महिला और पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगाकर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। शाम को भगवान भोलेनाथ की झांकी सजाई गई। शाम को मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। देर रात पुजारी गोपाल शर्मा ने शयन आरती कराई। सुरक्षा की दृष्टि से पांडेश्वरनाथ और कोतवालेश्वरनाथ मंदिर में महिला और पुरुष पुलिस बल भी मौजूद रहा। उधर, नवाबगंज स्थित प्राचीन पुठरी मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा।
सावन के सोमवार को लेकर शहर के कई मार्गों से कांवरिये गुजरे। आसपास जिलों के कांवरियों ने पांचाल घाट पर पहुंचकर स्नान करने के बाद गंगाजल भरा और रवाना हो गए। कांवरियों की भीड़ के चलते पांचाल घाट पुल पर भीड़ रही। वहीं, शहर के कांवरिये पांचाल घाट से गंगाजल भरकर गोला गोकर्णनाथ रवाना हुए।
कथा सुन भक्त हुए मंत्रमुग्ध
पांडेश्वरनाथ मंदिर में रामप्रकाश गुप्ता की स्मृति में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन कथावाचक शिवशरण अग्निहोत्री ने नारदमुनि प्रसंग का वर्णन किया। कथा सुनने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी। समापन के बाद भक्तों को प्रसाद बांटा गया। राधारानी गुप्ता, आनंदप्रकाश गुप्ता मुन्ना, वीना गुप्ता, रामकली, सुरेश कुमार और चंदन कुशवाह आदि मौजूद रहे। ब्यूरो