अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। अब चीनी मिल की सट्टे की पर्ची जारी करने का काम सहकारी गन्ना विकास समितियों को दे दिया गया है। समितियां लंबे समय से इसकी मांग कर रहीं थीं। अगले पेराई सत्र में रूपापुर चीनी मिल की गन्ना आपूर्ति के लिए पर्ची भी कायमगंज चीनी मिल से कटेंगी। जिले का कुछ गन्ना उत्पादक क्षेत्र रूपापुर चीनी मिल में आता है।
इस बार गन्ने का रकबा पिछले साल की तुलना में करीब 20 प्रतिशत बढ़ गया है। 15 नवंबर से चीनी मिलों में अगला पेराई सत्र शुरू हो जाएगा। इस सत्र का किसानों को अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। चीनी मिल पर 2763 किसानों के करीब 26 करोड़ 40 लाख 74 हजार रुपये बकाया हैं। चीनी मिल अधिकारियों के मुताबिक पिछले सत्र में 9230 किसानों का 15.73 लाख क्विंटल गन्ना पेराई के लिए आया था। चीनी मिल ने इससे बनी चीनी आदि से करीब छह हजार 469 किसानों का भुगतान कर दिया था। इस बार गन्ने का रकबा भी पिछले साल की तुलना में ज्यादा है। ऐसे में अच्छी पेराई होने की उम्मीद भी जताई जा रही है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
हमारे पास जितने रुपये थे, उससे किसानों का भुगतान किया जा चुका है। अब जब रुपये मिलेंगे तब भुगतान किया जाएगा। कायमगंज चीनी मिल खुद एक सहकारी समिति की है। इससे फर्रुखाबाद क्षेत्र की रूपापुर चीनी मिल की पर्ची भी कायमगंज से जारी होंगी। - डीके सक्सेना, जीएम, चीनी मिल कायमगंज