अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। नगर शिक्षा अधिकारी को प्राइमरी स्कूल में निरीक्षण के समय शौचालय में ताला पड़ा मिला। उन्होंने विद्यालय में अव्यवस्थाएं देखकर प्रधानाध्यापक की फटकार लगाई। प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने को बीएसए के पास रिपोर्ट भेजी है।
नगर शिक्षा अधिकारी सोमवीर ने शुक्रवार को बढ़पुर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय कुइयाबूंट का निरीक्षण किया। विद्यालय में पुताई का काम हो रहा था। शौचालय में ताला पड़ा था और विद्यालय के आसपास गंदगी का अंबार था।
प्रधानाध्यापक ने एमडीएम में बच्चों के आलू डाल कर खिचड़ी बनाई थी। विद्यालय में किताबों का वितरण भी नहीं हुआ। यह देखकर नगर शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई और शौचालय का ताला खुलवाया। प्रधान को बुलाकर विद्यालय के आसपास फैली गंदगी की सफाई करवाने के निर्देश दिए। एनपीआरसी प्रभारी को किताबें शीघ्र विद्यालय में बांटने को कहा। इसके बाद अंग्रेजी माध्यम से संचालित प्राथमिक विद्यालय देवरामपुर का निरीक्षण किया। यहां पर एक कमरे में दो कक्षाएं चलती मिलने पर नाराजगी जताई। नगर शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को दो कमरे और बरामदे में अलग-अलग बैठाकर पढ़ाई करवाने के निर्देश दिए हैं। नगर शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय कुइयाबूंट की प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई को बीएसए को रिपोर्ट भेजी है।
-प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई को बीएसए को भेजी रिपोर्ट