अमर उजाला ब्यूरो
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बुधवार को कमालगंज क्षेत्र के गांव नगला खेल रैंगाई का निरीक्षण किया। यहां पर अस्थाई पुलिया नहीं होने पर जल निगम के जेई की फटकार लगाई व तुरंत ही व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणोें ने ट्रांसफार्मर फुंके होने की शिकायत भी जिलाधिकारी से की।
नगला खेम रैंगाई में पिछले कुछ दिन से बाढ़ का पानी आने से कटान हो रहा है। इसकी सूचना पर जिलाधिकारी मोनिका रानी बुधवार को खेम रैंगाई पहुंची। वहां मस्जिद के पास उन्होंने कटान का जायजा लिया। उन्हें जानकारी मिली थी कि गांव की टूटी पुलिया के स्थान पर अस्थाई पुलिया बनवाकर आवागमन शुरू करवा दिया गया है। मौके पर पहुंची डीएम को वहां पर ऐसा कुछ नहीं मिला।
इस पर जिलाधिकारी ने जल निगम के जेई राजीव कुमार को फटकार लगाई। साथ ही तुरंत अस्थाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम सदर अजीत सिंह को बालू की बोरी लगवाकर कटान रुकवाने का प्रबंध करने को कहा। इसी दौरान ग्रामीणों ने बताया कि चार दिन से ट्रांसफार्मर फुंका है। गांव में बिजली नहीं आ रही है। उन्होंने तत्काल एसडीओ को दूसरा ट्रांसफार्मर रखवाने के निर्देेश दिए।