शैक्षिक सत्र 2017-18 की बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों में होनहारों की फेहरिस्त में जगह बनाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए इस बार का मंगलवार मंगलमय माहौल लेकर आया। अमर उजाला की ओर से आयोजित विशेष समारोह में इन मेधावियों को भविष्य ज्योति सम्मान से नवाजा गया। भारी बारिश के बावजूद 34 मेधावियों ने समारोह में पहुंचकर जिले के आला अफसरों के हाथों मेडल और प्रशस्ति पत्र हासिल किए। कार्यक्रम तक न पहुंचने वाले प्रतिभाशालियों के अभिभावकों ने सम्मान ग्रहण किया।
फतेहगढ़ के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम मोनिका रानी, विशिष्ट अतिथि एसपी अतुल शर्मा, सीडीओ अपूर्वा दुबे, जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेशबाबू और प्रधानाचार्य मीना यादव ने मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने सबसे पहले इंटरमीडिएट की छात्रा काव्या मिश्रा को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद बारी-बारी सभी मेधावियों को डीएम, एसपी, सीडीओ और डीआईओएस ने मेडल के साथ प्रशस्ति प्रदान की।
डीएम ने विद्यार्थियों से मनोयोग से पढ़ने का आह्वान किया। भरोसा दिया कि किसी भी तरह की दिक्कत में उनसे मदद ली जा सकती है। कार्यक्रम का संचालन सचिन कुमार ने किया। व्यवस्थाओं में नीरज कुमार, सुरजीत कुमार आदि का सक्रिय योगदान रहा।