अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। रेलवे रोड पर बारिश से छज्जा गिरने से अधेड़ की मलबे में दबकर मौके पर मौत हो गई। फल विक्रेता घायल हो गया। सड़क पर मलबा पड़ा होने से मुख्य मार्ग पर जाम लगा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच जाम खुलवाया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला रस्तोगियान निवासी धीरज रस्तोगी उर्फ गुड्डू (42) मंगलवार दोपहर को रेलवे रोड महादेवी वर्मा मूर्ति के पास अमित रस्तोगी के मकान के पास ठेली दुकानदार उमेश बाथम से बात कर रहा था। अमित का छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा। मलबे में धीरज और ठेली दुकानदार उमेश बाथम दब गए। मलबा गिरने से सड़क से रहगीरों में भगदड़ मच गई। लोगों ने उमेश और धीरज को मलबे से निकाला। तब तक धीरज ने दम तोड़ दिया था। घायल उमेश को दुकानदार नर्सिंगहोम ले गए।
मुख्य मार्ग रेलवे रोड पर मलबा गिरने से रोड पर जाम लग गया। घटना की सूचना मिलने पर पल्ला चौकी प्रभारी संजय सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने भीड़ को किनारे किया। परिवार वाले शव को लेकर घर चले गए। पुलिस ने काफी देर बाद जाम से निजात दिलाई।