अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। सीएम योगी आदित्यनाथ का रविवार को सुबह 9.30 बजे हेलीकाप्टर पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उतरेगा। शनिवार को पूरे दिन प्रशासन सीएम की अगवानी के व्यवस्था में लगा रहा। दीवारें, मार्ग और स्टेडियम चमकने लगा है। सीएम की जनसभा के लिए वाटर प्रूफ पंडाल बनाया गया है। स्टेज तैयार हो गया है।
शहर के आवास विकास स्थित पार्क में रविवार को सीएम योगी आदित्य नाथ जनसभा करेंगे। इसके लिए सीएम का मंच तैयार हो चुुका है। मौसम को देखते हुए सभास्थल पर वाटरप्र्रूफ पंडाल लगाया गया है। इस पंडाल को 18 ब्लॉक में बांटा गया है। जिसमें लाभार्थियों को बैठाया जाएगा।
सीएम के मंच और लाभार्थियों के बीच सुरक्षा के लिहाज से एक डी बनाया गया है। यह लगभग 26 वर्ग फीट का दायरा कवर कर रहा है। इसके आसपास सुरक्षाधिकारियों का कड़ा पहरा रहेगा, ताकि कोई भी मंच के पास न पहुंच सके।
सीएम के मंच पर नुक्कड़ नाटक भी कराया जाएगा। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि सीएम के आने तक जनता बोर न हो। जिलाधिकारी ने नुक्कड़ नाटक की जिम्मेदारी डीपीआरओ को सौंपी है।
पुलिस लाइन और कलक्ट्रेट के हालात सुधरे
पुलिस लाइन और कलक्ट्रेट के हालात भी सीएम के आने से सुधर गए हैं। वर्षों से खराब पड़ी पुलिस लाइन की सड़कें दो दो मिक्सिंग मशीनें लगा कर बना दी गईं हैं। कलक्ट्रेट में रंगरोगन के साथ ही सफाई और पौधों की कटाई का काम भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। सीएम कलक्ट्रेट परिसर में एक बैठक करेंगे।
सड़कों पर लग गए पैच
सीए के मार्ग में पड़ने वाली सड़कों को पैच लगा कर चमका दिया गया है। इसमें फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मुख्य मार्ग पर बने गड्ढे और लोहिया अस्पताल के बाहर सड़क में बने गहरे गड्ढे प्रमुख हैं।
वाल पेंटिंग से चमका दी दीवारें
सरकारी दीवारों को भी वाल पेंटिंग से चमक दिया गया है। फतेहगढ़ से फर्रुखाबाद तक सभी सरकारी दीवारों पर केंद्र सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं की पेंटिंग कराई गई है।