अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जिले में मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित दौरे को महज दो दिन ही बाकी हैं और उनके सभास्थल तक पहुंचने वाले दोनों ही मार्ग अब तक जर्जर पड़े हैं। जगह-जगह पानी भरा है। ऐसे में ये मार्ग मुख्यमंत्री को उनके गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की कुछ और ही सूरत बयां करेंगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार उनका हेलीकॉप्टर फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन में उतरेगा। यहां से वह गाड़ी से फर्रुखाबाद आवास विकास स्थित अन्ना हजारे पार्क जाएंगे। यहां उन्हें जनसभा को संबोधित करना है। फतेहगढ़ से अन्ना हजारे पार्क जाने का पहला रास्ता फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग है। इस रोड पर जल निकासी ना होने के कारण नेकपुर पुल के पास रेलवे लाइन किनारे पानी भरा है। इससे मार्ग में गड्ढे भी हो गए हैं। तीन दिन पहले एसडीएम सदर अजीत सिंह ने यहां से पानी हटवाने के लिए काम शुरू करवाया था।
हालांकि अस्थाई व्यवस्था के तौर पर मार्ग को बीच से चीर कर पानी को दूसरी ओर पहुंचाने का काम किया जा रहा है। इसी तरह दूसरा रास्ता फतेहगढ़ कैंट से मसेनी चौराहे होते हुए अन्ना हजारे पार्क की ओर पहुंचता है। मसेनी चौराहे से पहले ही मार्ग जर्जर हैं। यहां पर पूरे मार्ग पर पानी भर जाता है।