अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जिला कृषि रक्षा अधिकारी विमलेश कुमार ने सोमवार को कमालगंज क्षेत्र की बीज भंडार की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। कुछ दुकानें बंद मिलीं तो कुछ के अभिलेख पूरे नहीं थे। इस पर 10 दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। साथ ही चार दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।
सोमवार दोपहर कृषि रक्षा अधिकारी विमलेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने कमालगंज क्षेत्र के बीज भंडार की दुकानों पर छापा मारा। उन्होंने 17 दुकानों की जांच पड़ताल की। टीम सबसे पहले संदीपन बीज भंडार खुदागंज पहुंची। वहां पर दुकान में अभिलेख अपूर्ण मिले। इस पर दुकानदार को चेतावनी दी गई। साथ ही दो नमूने भी लिए गए। इसके बाद मां अंबे बीज भंडार कमालगंज, किसान बीज भंडार रजीपुर, आकांक्षा खाद एवं बीज भंडार रजीपुर, अन्नपूर्णा बीज भंडार रजीपुर, आदर्श कृषि सेवा केंद्र खुदागंज, सोनू बीज भंडार कमालगंज, और जागृति ट्रेडर्स कमालगंज की दुकानें बंद मिलने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा एग्रीजंक्शन खुदागंज, आईएफडीसी खुदागंज, वितरण रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और कैशमेमो नहीं मिले। इन दुकानों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए। वहीं, प्रताप कृषक सेवा केंद्र रजीपुर और माहेश्वरी फर्टिलाइजर के अभिलेख पूरे नहीं मिलने पर दो दिन में पूर्ण करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी विमलेश कुमार ने ेबताया कि निलंबित की गई दुकानों के मालिक यदि एक हफ्ते में दस्तावेज पूरे करके नहीं दिखाएंगे तो दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे।