अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। लोहिया महिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड की डाक्टर ने प्रभारी सीएमएस को इस्तीफा सौंप दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौन में तैनात डा. जिज्ञासा को सीएमएमओ ने करीब दो साल पहले लोहिया महिला अस्पताल में तैनात किया था। यहां पर वे मरीजों का अल्ट्रासाउंड करती थी। अल्ट्रासाउंड को लेकर उनका आए दिन किसी न किसी से विवाद हो रहा था। उन्होंने इसकी जानकारी आलाधिकारियों को भी दी।
इसके बाद भी कोई हल नहीं निकला। कुछ दिन पहले भी एक व्यक्ति का डा. जिज्ञासा से अल्ट्रासाउंड को लेकर विवाद होने पर हंगामा हो गया। मंगलवार को डा. जिज्ञासा ने प्रभारी सीएमएस डा. कैलाश को इस्तीफा दे दिया। इस पर उन्होंने लेने से मना कर दिया। उनका कहना था कि डा. जिज्ञासा, सीएमओ के अधीन यहां पर काम कर रही हैं। इसलिए वह सीएमओ को अपना इस्तीफा दे। जिज्ञासा ने अपना इस्तीफा सीएमओ आफिस में दे दिया। जिज्ञासा के न होने से महिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार को काफी संख्या में मरीज अपना अल्ट्रासाउंड करने के लिए पहुंचे। इस दौरान वहां पर स्टाफ ने डाक्टर के यहां से इस्तीफा देकर चले जाने की जानकारी दी गई। प्रभारी सीएमएस डा. कैलाश ने बताया कि इस्तीफा के लिए डाक्टर को सीएमएमओ आफिस भेज दिया था। उधर, डा. जिज्ञासा ने इस्तीफा में अपनी घरेलू समस्या को लिखा है।
डा. राजीव राजपाल का तबादला
फर्रुखाबाद। शासन ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव राजपाल का तबादला जिला चिकित्सालय रामपुर के लिए कर दिया। उधर, तत्कालीन सीएमओ डा. उमाकांत पांडेय बुधवार को रिलीव होकर चले गए। डा. उमाकांत पांडेय का तबादला शासन ने संयुक्त निदेशक आजमगढ़ के लिए किया था। ब्यूरो