अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। नगर पालिका क्षेत्र के सलावत खां मोहल्ला में बनी टंकी के नलकूप की मोटर फुंकने से सात मोहल्लों की पानी की सप्लाई ठप हो गई। पानी बंद होने से शहरियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि मोटर मरम्मत का काम चल रहा है।
सलावत खां मोहल्ला में बनाई गई टंकी कुछ दिन पहले ही जल निगम ने नगर पालिका को हस्तांतरित की थी। टंकी की देखभाल का जिम्मा नगर पालिका प्रशासन का है। इस टंकी से जुड़े नलकूप की मोटर दो जून को फुंक गई थी।
मोटर फुंकने से मोहल्ला सलावत खां, गढ़ी अब्दुल मजीद, जंगबाज खां और रकाबगंज आंशिक आदि मोहल्लों की जलापूर्ति ठप हो गई। मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन को जानकारी दी लेकिन अभी तक नलकूप का मोटर ठीक नहीं हो सकी है। मोटर ठीक न होने से मोहल्लेवासी हैंडपंप और सबमर्सिबल से पानी भरने को मजबूर हैं। इस नलकूप से अधिकतर मोहल्ले मुस्लिम समुदाय से जुड़े हैं, जिस वजह से रमजान माह में रोजेदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैंडपंपों पर रोजेदारों के साथ ही मोहल्लेवासियों की भीड़ रहती है। जिनके यहां सबमर्सिबल लगे हैं। उनके यहां भी भीड़ रहती है।
सभासद अनवर खां ने बताया कि उन्होंने जेई गौरव मिश्र को जानकारी दे दी है लेकिन अभी तक मोटर ठीक नहीं कराई गई है।
मोटर खुलने में आ रही दिक्कत
सलावत खां मोहल्ला में दो नलकूप लगे हैं। एक नलकूप से सप्लाई दी जा रही है। फुंके नलकूप की मोटर निकालने में दिक्कत आ रही है। मोटर निकलते ही उसे ठीक करवा दी जाएगी। मोटर ठीक होने में दो-तीन दिन का समय लग सकता है।-
नुरुल (जोन प्रभारी, जलकल विभाग नगर पालिका)