कायमगंज (फर्रुखाबाद)। नगर की किराना व मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा टीम ने पुलिस व व्यापारी नेताओं के साथ छापा मारकर नमूने भरे व एक मिठाई की दुकान पर खराब छेना मिलने पर नष्ट कराया। साथ ही दुकानदार को नोटिस दिया।
होली के त्योहार से पूर्व खाद्य सुरक्षा टीम ने मिलावट खोरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार दोपहर खाद्य सुरक्षा विभाग के जिला अभिहित अधिकारी सतीश कुमार, फूड इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार, संतोष वर्मा, विमल कुमार कोतवाली के इंस्पेक्टर राधेश्याम फोर्स के साथ गल्ला मंडी पहुंचे। वहां शिवम की किराना दुकान से पैक काजू का नमूना लिया। वहीं दुर्वेश की किराना दुकान से आस्थाना ब्रांड के घी का नमूना लिया। इस दौरान व्यापार मंडल बंसल गुट के नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, कंछल गुट के नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता व अन्य व्यापारी पहुंच गए। व्यापारियों की मौजूदगी में नमूने लिए गए।
इसके बाद टीम ट्रांसपोर्ट चौराहे पर पहुंची वहां पर रमेश की दुकान से खोया, शिवम की दुकान से छेना का नमूना लिया। रेलवे रोड पर नरेश की दुकान सरसों के तेल का नमूना लिया। नोनियमगंज में दुर्गेश की मिठाई दुकान पर पहुंचे वहां टीम को करीब 30 किलो छेना मिठाई खराब मिली, जिसमें कीड़े व मक्खियां पड़ी हुई थीं। सभी छेना मिठाई को नष्ट करा दिया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा टीम ने उन्हें नोटिस देकर दुकान में साफ-सफाई कर ताजी मिठाई बेचने के निर्देश दिए। साथ ही उन्हें चेतावनी दी कि अगर दोबारा ऐसी मिठाई पकड़ी गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा टीम ने बताया कि होली तक रोजाना अभियान चलाया जाएगा।