मोहम्मदाबाद। सकवाई गांव के प्राथमिक स्कूल के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में ट्रक चालक समेत 19 लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की गंभीर हालत है। सभी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण करीब डेढ़ तक हाईवे पर यातायात ठप रहा। पुलिस ने जेसीबी से ट्रक-बस हटवाकर यातायात बहाल कराया।
मैनपुरी डिपो की बस मंगलवार को फर्रुखाबाद से सवारियां लेकर मैनपुरी जा रही थी। मोहम्मदाबाद क्षेत्र के सकवाई गांव के प्राथमिक स्कूल के पास हाईवे पर मोड़ है। तेज रफ्तार बस मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
हादसे में ट्रक चालक बबलू वर्मा निवासी गोमतीनगर लखनऊ के अलावा बस में सवार नीब करोरी निवासी राजेंद्र पुत्र रामलाल, मोहम्मदाबाद के गांव रैसेपुर निवासी कीर्ति राठौर पत्नी उपेंद्र राठौर, पूनम राठौर पत्नी सुनील सिंह, पूनम के बच्चे आयुष तीन व वैष्णवी 10, आवास विकास कालोनी निवासी उर्मिला पत्नी विमल दुबे निवासी दुर्गा कालोनी, फतेहगढ़ की वैजंती पत्नी राजेश, मयूर मिश्रा सतवाड़ा फर्रुखाबाद, जहानगंज के चिलपार निवासी राजाराम पुत्र कुंदललाल, जैतेपुर निवासी धीरेंद्र पुत्र ओम प्रकाश, फिरोजाबाद के जसराना निवासी टीटू पुत्र रघुवीर, एटा के नयागांव परसूपुर निवासी रन्नो देवी पत्नी रहीस पाल, उनकी सास चरन देवी पत्नी प्रेम सिंह, मैनपुरी के बेवर निवासी पंकज पुत्र भरत सिंह, सीतापुर के इमललिया अंबरपुर निवासी गोविंद सिंह पुत्र शिवचरण, हरदोई के लोनार बिंद्रावल निवासी बुधपाल पुत्र नेकराम, उनकी पत्नी नेमा, लोनार के नकटौरा गांव निवासी सुशीला घायल हो गईं।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। घायलों में ट्रक चालक बबलू, वैजंती, मयूर, राजेंद्र और गोविंद की गंभीर हालत होने से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को सीएचसी मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया गया है। जाम में तीन शव यात्राएं भी फंसी रहीं। पुलिस ने जेसीबी बुलाकर वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पिता को देखने आ रहा बेटा भी जख्मी
पिता के बस हादसे में जख्मी होने की खबर सुनकर नीव करोरी निवासी राजेंद्र का बेटा प्रवेश मोपेड से सीएचसी मोहम्मदाबाद आ रहा था। गांव से कुछ दूरी पर संकिसा रोड पर बाइक ने उसकी मोपेड में टक्कर मार दी। इससे प्रवेश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस से उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। पिता व पुत्र एक ही एंबुलेंस से लोहिया भेजे गए।
-पांच की हालत गंभीर, लोहिया अस्पताल रेफर, डेढ़ घंटे हाईवे पर यातायात ठप रहा
अमर उजाला ब्यूरो