फर्रुखाबाद। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार टेंपो ने बालक को टक्कर मार दी, इसके बाद बेकाबू होकर पलट गया। इस घटना में बालक समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक ग्रामीण को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
फतेहगढ़ चौराहा से रविवार सुबह टेंपो सवारियां लेकर कमालगंज की ओर जा रहा था। जब टेंपो फतेहगढ़ के महरुपुर सहजू शेषनाग मंदिर के पास से गुजरा, तभी गांव कुटरा निवासी रामजी (6) पुत्र गौतम टेंपो के सामने आ गया। वह सड़क पार कर रहा था।
तेज रफ्तार टेंपो ने बालक से टक्कर मार दी, इसके बाद बेकाबू होकर पलट गया। टेंपो में मऊदरवाजा के अर्रा आवाजपुर निवासी आरती पत्नी देवेंद्र, उनकी बेटी दिव्यांशी, कमालगंज के नईबस्ती निवासी राजेश, जितेंद्र कुमार, जिला कन्नौज, छिबरामऊ के लड़ैता निवासी रामआसरे जाटव (45) बैठे थे।
टेंपो के पलट जाने से सभी घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर याकूतगंज चौकी प्रभारी छेदालाल पहुंचे और घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। यहां मौजूद डॉक्टर ने रामआसरे को मृत घोषित कर दिया। रामआसरे के पास मिले नंबरों पर चौकी प्रभारी ने फोन किया।
सूचना मिलने पर राम आसरे की पत्नी गीता देवी, बेटा वीनू, कुलदीप समेत परिवार के अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया एक मुकदमे के सिलसिले में रामआसरे फतेहगढ़ के रहने वाले अधिवक्ता से मिलने के लिए आए थे।
यहां से वह वापस लौट रहे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। लडैता निवासी रामआसरे के पुत्र विनय उर्फ वीनू ने फतेहगढ़ कोतवाली में टेंपो चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
-हादसे में छह लोग घायल, पुलिस ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया
अमर उजाला ब्यूरो