मोहम्मदाबाद। ट्रैक्टर-ट्राली से खेत में घूरा डालते समय ऊपर से निकली 11 हजार लाइन के तार से युवक का सिर छू जाने से करंट लग गया। यह देख वहां काम कर रहे ग्रामीण युवक को गांव लेकर गए। वहां गांव के डाक्टर को बुलाया गया। डाक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
ग्रामसभा ईसापुर के मजरा बलरामपुर निवासी रामवरन वर्मा (20) ने गांव के आत्मादाम वर्मा के खेत में घूरा डालने का ठेका लिया था। शुक्रवार को वह दो-तीन लड़कों से साथ ट्रैक्टर ट्राली में घूरा लेकर खेत में डालने गया था। जहां पर वह घूरा डाल रहा था, वहां ऊपर से 11 हजार वोल्टेज की लाइन निकली है।
तार जर्जर होने के कारण काफी नीचे है। ट्राली पर खड़ा वह घूरा डाल रहा था, तभी सीधे खड़ा हुआ तो उसके सिर में 11 हजार लाइन का तार छू गया। इससे उसको जोरदार करंट लगा और वहीं ट्राली पर गिर पड़ा। पड़ोस में खड़े युवक मनोज को भी हल्का से करंट लगा।
वहां मौजूद लोग रामवरन को आननफानन में उसके घर लेकर आए। गांव से डाक्टर को बुलाया गया। डाक्टर ने देखने के बाद रामवरन को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ हजारीलाल, कोतवाल राजेश पाठक, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रामवरन की पत्नी आरजू ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पूर्व हुई थी। उसका डेढ़ साल का बेटज्ञ गंगन है।
एसडीओ ने नहीं उठाया फोन
करंट से युवक की मौत होने की सूचना देने के लिए ग्रामीणों ने एसडीओ मोहम्मदाबाद अरविंद कुमार का सरकारी नंबर मिलाया। तीन-चार बार फोन मिलाया गया और घंटी बजती रही। लेकिन एसडीओ ने फोन नहीं उठाया। जेई सतेंद्र कुमार घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे और पूछताछ की।
-खेत के ऊपर से निकली 11 वोल्टेज की लाइन के झूल रहे तार
-युवक की तीन साल पूर्व हुई थी शादी, एक डेढ़ साल का है बेटा
अमर उजाला ब्यूरो