फर्रुखाबाद। नवरात्र व मोहर्रम एक ही दिन होने पर अलम जुलूस उठने को लेकर हिंदू व मुस्लिम भाइयों ने आपसी सहमति कार्यक्रम तय किया है। रात 11 बजे बीबीगंज चौकी से अलम जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान मुहर्रम कमेटी गुरुगांव देवी मंदिर में चुनरी चढ़ाएगी तो गुरुगांव देवी मंदिर कमेटी अलम जुलूस उठाने में सहयोग करेगी।
थानाध्यक्ष भुवनेश कुमार ने गुरुगांव देवी मंदिर कमेटी और मुहर्रम कमेटी के साथ बैठक की। इसमें निर्णय लिया गया कि रात 11 बजे बीबीगंज मोहल्ले से अलम जुलूस उठेंगे और रात 10 बजे गुरुगांव देवी मंदिर में प्रसाद वितरण खत्म होगा।
उन्होंने कहा कि मुहर्रम कमेटी, गुरुगांव देवी मंदिर कमेटी व मऊ दरवाजा व्यापार मंडल के 20-20 सदस्य जुलूस निकलवाने व गुरुगांव देवी मंदिर आने - जाने वाले भक्तों की सहायता के लिए पुलिस का सहयोग करेंगे।
अलम जुलूस निकला
मोहम्मदाबाद (ब्यूरो)। मुहर्रम के अवसर पर गुरुवार को मोहल्ला किदवई नगर स्थित इमाम चौक से अलम जुलूस निकाला गया। जुलूस संकिसा व बेवर रोड से इमाम चौक पहुंचा, जहां समापन हो गया। इस अवसर पर कल्लू, मोहम्मद खां, ताहिर हुसैन, इकबाल और सईद मंसूरी आदि मौजूद रहे।
- आपसी सौहार्द से मनाया जाएगा मुहर्रम व नवरात्र
- रात 11 बजे उठेगा अलम, 10 बजे बंटेगा गुरुगांव मंदिर में प्रसाद,
अमर उजाला ब्यूरो