अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद-कानपुर रेलमार्ग पर भोपतपट्टी गांव के पास गुरुवार देर रात लाइन ब्लाक कर 15 मीटर पटरी बदली गई। हालांकि पटरी बदलने के दौरान किसी भी ट्रेन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। वहीं रेलवे विभाग के अफसरों ने इस घटना को मामूली घटना बता किसी भी तरह की जांच टीम गठित करने से इनकार किया है।
शहर कोतवाली के भोपतपट्टी गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 7:50 बजे पटरी चटकी देख गांव के पवन कुमार ने कालिंदी ट्रेन को रुकवा दिया था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया था। देर रात करीब 10 बजे लाइन ब्लाक कर 15 मीटर पटरी बदलने का कार्य शुरू किया गया।
सेक्शन इंजीनियर मोहम्मद जहीर खां और सेक्शन इंजीनियर अश्वनी कुमार की देखरेख में रेलवे के कर्मचारियों ने चार घंटे में पटरी को बदला। सीनियर सेक्शन इंजीनियर मोहम्मद जहीर खां ने बताया कि 15 मीटर पटरी बदलवाई गई है। पटरी बदलने के दौरान कोई ट्रेन प्रभावित नहीं हुई।
शुक्रवार तड़के फर्रुखाबाद से कानपुर जाने वाली फर्रुखाबाद-कानपुर पैसेंजर ट्रेन निर्धारित समय पर फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से छूटी। उधर, पीआरओ राजेंद्र सिंह ने मोबाइल पर बताया कि जिस तरह सिग्नल फेल हो जाते हैं, उसी तरह पटरी चटक जाती हैं। इसलिए इस घटना में कोई दोषी नहीं है, जिस वजह से कोई जांच कमेटी नहीं बनाई गई। भोपतपट्टी गांव के पास चटकी पटरी को बदलवा दिया गया है।
कालिंदी समेत आनंदबिहार एक्सप्रेस 15 अक्तूबर तक निरस्त
टूंडला रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म संख्या दो पर हो रहे निर्माण कार्य के कारण फर्रुखाबाद से दिल्ली जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस और साप्ताहिक आनंद बिहार एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया है। स्टेशन अधीक्षक उमाशंकर प्रसाद कौशिक ने बताया कालिंदी आठ सितंबर से 19 अक्तूबर तक और साप्ताहिक आनंद बिहार एक्सप्रेस 10 सितंबर से 15 अक्तूबर तक निरस्त रहेगी।
-भोपतपट्टी के पास लाइन की गई ब्लाक, किसी ट्रेन पर नहीं पड़ा कोई असर
-विभागीय अफसरों ने मामूली घटना बता जांच टीम के गठन से किया इनकार
-पटरी चटकी होने का मामला