फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में जिले के पंजीकृत किसानों का सत्यापन कराया जा रहा है। 11 फरवरी तक सत्यापन के साथ उनकी सरकारी पोर्टल पर फीडिंग की जानी है। शुक्रवार को पहले दिन शुरू हुई फीडिंग में साफ्टवेयर की धीमी गति से कार्य प्रभावित रहा।
जिले में दो लाख 30 हजार किसान पंजीकृत हैं। दो हेक्टेयर से कम भूमि वाले किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए सत्यापन कराया जा रहा है। 11 फरवरी तक सत्यापन पूर्ण कर सरकारी पोर्टल पर फीडिंग की जानी है। इससे 13 फरवरी को 2000 रुपये की पहली किस्त किसानों के खातों में डाली जा सके। जिला कृषि अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि फीडिंग के लिए एनआईसी, जिला पंचायत बार रूम व तहसील कायमगंज में कुल 50 कंप्यूटर लगाए गए हैं। शुक्रवार को साफ्टवेयर सही से न चल पाने से मात्र 150 किसानों की डाटा फीडिंग हो सकी। साफ्टवेयर की समस्या पूरे प्रदेश में होने की जानकारी मिली है।
आज आयेगी यूरिया की रैक
कृभको यूरिया की रैक शनिवार को यहां पहुंच जाएगी। जिसमें जिले को 1500 मैट्रिक टन खाद मिलेगी। एआर कोआपरेटिव पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि जिन सहकारी समितियों को खाद की आवश्यकता हो वह पीसीएफ के जिला प्रबंधक अमित दुबे से संपर्क कर खाद का उठान करें। उन्होंने बताया कि चार दिन पूर्व 1299 टन इफको यूरिया भी आ चुकी है। जिले में यूरिया खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी।