खूब किया धमाल, आया नया साल
फर्रुखाबाद। साल-2018 को अलविदा करने और उम्मीदों से भरे नए साल का स्वागत करने के लिए हर कोई जश्न में डूबा हुआ नजर आया। साल के आखिरी दिन को यादगार बनाने के लिए जोश से लबरेज युवा मस्ती और उमंग की नई परिभाषा बनाने में लगे रहे। लोगों ने 2019 के स्वागत में जमकर पटाखे चलाए।
नव वर्ष के स्वागत के लिए किसी ने होटल चुना तो किसी ने रेस्टोरेंट, क्लब व गेस्ट हाउसों में पार्टी रखी। जैसे ही घड़ी में 12 बजे, आतिशबाजी की गूंज व युवाओं की मस्ती शहर में जगह-जगह नजर आई। लोगों ने केक काटकर एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई दी। होटल-रेस्टोरेंट व गेस्ट हाउस में सुबह से ही तैयारियां होती नजर आईं।
शाम होते-होते रौनक बढ़ गई। कुछ युवा टोलियों में तो कुछ परिवारों के साथ होटल व रेस्टोरेंट पहुंचे। यहां झूमने के लिए म्यूजिक भी चल रहा था। खान-पान के साथ युवा व बच्चों ने खूब मस्ती की। गेस्ट हाउसों में ज्यादातर क्लबों के आयोजन होते दिखे। रंगारंग कार्यक्रमों के साथ खानपान के जबरदस्त इंतजाम किए गए थे।
बाजारों में मिठाई व गिफ्ट की दुकानों पर भीड़ रही। दावत और मौज-मस्ती का दौर रात 12 बजे के बाद तक चला। इस तरह युवाओं ने जहां साल 2018 को जोश के साथ अलविदा कहा, वहीं जश्न मनाते हुए नए साल का स्वागत भी किया। सोमवार सुबह से ही बधाइयों का दौर जारी रहा।