फर्रुखाबाद। दो दिन की आई जांच रिपोर्ट में 135 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। इसमें एसीएमओ, सीएमओ कार्यालय के चार कर्मचारी, सीओ कायमगंज का चालक भी शामिल हैं। जिले में कुल सक्रिय मामले 569 हो गए हैं।
बता दें कि जिले में कोराना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। जांच रिपोर्ट में बुधवार को 52 व गुरुवार को 83 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसमें एसीएमओ डॉ.राजीव रंजन, सीएमओ कार्यालय के चार कर्मचारी, पुलिस लाइन का सिपाही, सीओ कायमगंज का जीप चालक भी शामिल है। शहर व ब्लाक बढ़पुर क्षेत्र के दो दिन में 61 लोग संक्रमित हुए हैं। जबकि 74 लोग कसबा व ग्रामीण क्षेत्र के संक्रमित हैं।
सीएमओ कार्यालय से मिली रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 569 सक्रिय मामले हैं। इनमें 395 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। जबकि 37 बंदी सेंट्रल जेल व जिला जेल अस्पताल में भर्ती हैं। 11 संक्रमितों का जिले के बाहर अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 126 मरीजों की अभी पहचान नहीं की जा सकी है। गुरुवार को 105 मरीज होम आइसोलेशन पूरा कर स्वस्थ्य हो चुके हैं।