फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव याकूतगंज के पास साइकिल सवार बालक को ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। कमालगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हुसैनपुर नौखंडा के मजरा लगड़पुरा निवासी राजमिस्त्री राकेश कुमार का 12 वर्षीय बेटा ऋषिकांत शनिवार शाम को साइकिल से याकूतगंज सब्जी लेने आया था।
वहां से सब्जी लेने के बाद वह वापस जा रहा था। इस दौरान वह याकूतगंज गुमटी के पास साइकिल के साथ सड़क किनारे किसी वजह से खड़ा हो गया। इस दौरान पीछे से आ रही मौरंग लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने ऋषिकांत को रौंद दिया।
सूचना पर पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस से बालक को लोहिया अस्पताल लाया गया। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन लोहिया अस्पताल पहुंच गए। बताया गया कि ऋषिकांत कक्षा छह में पढ़ता था।
उसके तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई शशिकांत और छोटा शिवकांत के अलावा बहन दिव्या है। मां गुड्डन देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार बालक की मौत
सब्जी लेकर घर जाते समय हुआ हादसा