क्षेत्र के गांव शेराखार गौंटिया के निकट शुक्रवार को हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर से टेंपो खड्ड में पलट गया। इससे चालक सहित टेंपो सवार 12 लोग घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जनपद बदायूं के सिविल लाइन शेखपुर निवासी सादिक अपने परिजनों के साथ शुक्रवार को क्षेत्र के गांव खंडौली स्थित अपनी मौसेरी बहन रुखसाना पत्नी इश्तियाक के घर आ रहे थे। गांव शेराखार गौंटिया के निकट सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।
इससे टेंपो सड़क किनारे खड्ड में पलट गया और चीखपुकार मच गई। राहगीरों व स्थानीय लोगों ने टेंपो सीधा कर घायलों को बाहर निकाला। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायल सादिक (39), उनकी पत्नी नसीन (38), पुत्र शोएल (14), सारिक (12), अमान (8), पुत्री अर्शी (4), भाई वसीम (28), उसकी पत्नी शबाना (25), जनपद शाहजहांपुर के मऊ निवासी मामा श्यालू (47), मौसेरा भाई अच्छन(32) व मौसेरी बहन मुस्कान (15) व शहनाज को सीएचसी राजेपुर भेजा।
वहां से रेफर कर दिए जाने पर घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। सादिक ने बताया कि वह 20 वर्ष बाद दिल्ली से लौटा था। इससे बच्चों के साथ वह अपने मामा के घर गया। वहां से सभी लोग मौसेरी बहन के घर जा रहे थे। इसी बीच दुर्घटना हो गई।
बस की टक्कर से टेंपो पलटा, दंपती सहित 12 घायल
रिश्तेदारी में परिवार के साथ जा रहे थे, लोहिया रेफर