फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने पेट्रोलपंपों की एनओसी के संंबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। जनपद में 13 पेट्रोल पंपों की एनओसी लंबित होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। शनिवार तक सभी विभागों से रिपोर्ट तलब की है।
पेट्रोल पंप खोलने के लिए नौ विभागों से एनओसी ली जाती है। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी ली। बताया गया वर्ष 2018 से अब तक 13 पेट्रोलपंपों की एनओसी लंबित है। इसमें अग्निशमन विभाग की ऑनलाइन आवेदन पर एनओसी जारी करता है, जबकि बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, डीएसओ, एसडीएम सहित नौ विभागों से ऑफलाइन एनओसी जारी होती है। इतने पुराने मामले में एनओसी जारी न होने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
डीएसओ के मौजूद न होने पर उन्होंने फोन कर फटकार लगाई। उन्होंने शनिवार तक सभी विभागों से रिपोर्ट मांगी है। पूर्ति निरीक्षक शरद चंद्र दुबे ने बताया कि जिलाधिकारी ने मामलों के निस्तारण के लिए सभी अधिकारियों की शनिवार को बैठक बुलाई है। इस दौरान एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति व सभी एसडीएम आदि मौजूद रहे।