कायमगंज। कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के जिनौल गांव के बूथ को निर्वाचन कार्यालय ने क्रिटिकल श्रेणी में शामिल किया गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में इस बूथ पर 90 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था। ऐसे बूथों को चिन्हित कर चुनाव आयोग को सूचना भेजी जा रही है।
आचार संहिता लागू होते ही स्थानीय निर्वाचन कार्यालय में चुनाव संबंधी कार्य में तेजी आई है। शांतिपूर्ण चुनाव व शत प्रतिशत मतदान कराने के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा है। आयोग के निर्देश पर स्थानीय निर्वाचन कार्यालय विधानसभा क्षेत्र में 90 फीसदी से अधिक वोटिंग वाले बूथों को चिन्हित किया जा रहा है। कायमगंज विधानसभा क्षेत्र में गांव जिनौल के बूथ पर पिछले विधानसभा चुनाव में 90 फीसदी से अधिक वोटिंग हुई थी। इसमें एक ही पार्टी के प्रत्याशी को 75 फीसदी से अधिक वोट मिले थे। निर्वाचन कार्यालय ने इस बूथ को चिह्नित कर लिया है। इस बूथ को क्रिटिकल श्रेणी में रखा गया है। यहां वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी साथ ही अर्द्धसैनिक बल की निगरानी में मतदान होगा। जानकारी के मुताबिक इस गांव में एक ही जाति के मतदाता हैं। एसडीएम अनिल कुमार ने बताया कि इस बूथ को क्रिटिकल श्रेणी में रखा गया है। यहां अर्द्धसैनिक बल तैनात रहेगा।
कायमगंज में 4687 युवा मतदाता बने
कायमगंज। विधानसभा क्षेत्र कायमगंज व अमृतपुर आशिंक में 31 जनवरी तक 4 हजार 6 सौ 87 युवाओं के वोट बन चुके हैं। जो पहली बार मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया तक पुनरीक्षण कार्य जारी रहेगा। आयोग के निर्देश पर 3 हजार 5 सौ 49 दिव्यांग मतदाताओं को चिन्हित कर लिया गया। एसडीएम अनिल कुमार ने बताया कि अभी दिव्यांगों का चिह्नांकन कार्य चल रहा है। बूथ पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर का इंतजाम किया जाएगा।