फर्रुखाबाद। कायमगंज तहसील में तैनात चतुर्थ श्रेेणी कर्मचारी के आत्मदाह की धमकी देने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब सिटी मजिस्ट्रेट ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को नोटिस देकर पूछा है कि आखिर वह आत्मदाह क्यों करना चाहती है। इससे पहले कर्मचारी ने गुरुवार को भी अचानक आत्मदाह करने की बात सामने आई थी।
कायमगंज तहसील में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने दो फरवरी को बेटी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर फतेहगढ़ कोतवाली में दी थी। इसे कोतवाल ने लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने कलक्ट्रेट पहुंच कर जमकर हंगामा किया था। साथ ही जिलाधिकारी के सामने सोमवार को आत्मदाह करने की बात भी कही थी।
इसके चलते सोमवार को कलक्ट्रेट में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। सोमवार को कर्मचारी जिलाधिकारी से मिलकर वापस चली गई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार को उसने फिर से धमकी दी कि वह किसी दिन अचानक कलक्ट्रेट में जाकर आत्मदाह कर लेगी। इस पर जिलाधिकारी मोनिका रानी के अनुमोदन पर नजारत अधिकारी आरए चौहान ने शुक्रवार को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को नोटिस भेज कर पूछा है कि आखिर क्यों वह आत्मदाह करना चाहती है।