नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला हिल्की में भूमि की रंजिश में जमकर लाठी डंडे चल गए। इसमें दो महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए। तीन पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
गांव नगला हिल्की निवासी पूनम देवी पत्नी राम रहीश ने रामनरेश, नन्हेंलाल, सतीश, रामवृत, राजू, रामकरन, दिनेश, प्रभुदयाल, राजेश के खिलाफ मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया। इसमें बताया कि वह दरवाजे पर बैठी थी। तभी भूमि विवाद की रंजिश में यह लोग दरवाजे पर गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
इसमें पूनम के अलावा उसके देवर राकेश, रामवीर, भूरेलाल घायल हो गए। दूसरे पक्ष से सरमन ने कल्यान, भूरे, जयराम, मुन्नालाल, रामजीत, उदयवीर, रामवीर, रामवचन, राकेश, अनिल, जयवीर, मुकेश, सुरजीत के खिलाफ जवाबी तहरीर दी है। इसमें बताया कि भूमि विवाद की रंजिश में गालीगलौज कर मारपीट की गई है।
इसमें रामवृत, नन्हेंलाल, सरमन घायल हो गए। वहीं तीसरे पक्ष से मिथलेश देवी पत्नी रामवीर ने रामनरेश, नन्हेंलाल, सतीश, रामवृत, रामकरन, राजू, प्रभुदयाल, दिनेश के खिलाफ तहरीर दी। इसमें कहा कि आरोपी उसकी भूमि पर पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर मारपीट कर जानमाल की धमकी दी।
मारपीट में जेठ राकेश, भूरे सिंह, पति रामवीर व स्वयं मिथलेश घायल हो गईं। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। एसओ वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि सभी तहरीरों में मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद घायलों को घर भेज दिया गया।