अमृतपुर। थाना क्षेत्र के गांव अलादपुर भटौली में संदिग्ध हालात में आग लगने से 12 झोपड़ियां जल गईं। इससे ग्रामीणों का गृहस्थी का सामान व नगदी आदि जल गया। अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रामगंगा नदी किनारे बसे अलादपुर भटौली में शुक्रवार भोर करीब चार बजे संदिग्ध हालात में रामनिवास की झोपड़ी में आग लग गई। घटना के समय सभी लोग सो रहे थे। अचानक रामनिवास की आंख खुल गई। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों को बाहर निकालकर आग बुझाने में जुट गए। हवा के चलते आग ने पड़ोसी जोगराज, गंगा सिंह, शिवराज, बृजराज, गजराज, दिनेश, नरेश, जयसिंह, महेंद्र व रामकुमार समेत 12 ग्रामीणों की झोपड़ियों को चपेट में ले लिया। धूं-धूं कर जल रहीं झोपड़ियों को देख ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने पशुओं को रस्सी काटकर भगाया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन वह दो घंटे बाद पहुंची। कुछ देर बाद ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी में पानी खत्म हो गया।
इस पर दूसरी गाड़ी को बुलाया गया, लेकिन तब तक ग्रामीणों ने रामगंगा नदी से पानी भरकर आग पर काबू पा लिया। रामनिवास के 15 हजार रुपये, पायल, झुमकी, गजराज के 15 हजार रुपये, एक जोड़ी पायल, गंगा सिंह के नौ हजार रुपये व गृहस्थी का सामान जल गया। थाना प्रभारी मोनू शाक्या, थानाध्यक्ष राजेपुर योगेंद्र सोलंकी, प्रभारी तहसीलदार अनवर हुसैन मौके पर पहुंचे। राजस्व कर्मचारी आग से 10 लाख रुपये की क्षति का आकलन कर रहे हैं। प्रभारी तहसीलदार ने बताया कि लेखपाल व कानूनगो ने अग्निपीड़ितों की सूची दी है। सभी के खाते में सहायता भेजी जाएगी। प्रधानमंत्री आवास के लिए भी बीडीओ को पत्र भेजा जाएगा।
आठ घंटे बाद पहुंचे एसडीएम
तहसील से करीब छह किलोमीटर दूर गांव अलादपुर भटौली में आग लग गई। जानकारी मिलने के करीब आठ घंटे बाद एसडीएम अतुल कुमार मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने कोटेदार से पीड़ितों को राशन देने के निर्देश दिए।
एसडीएम व तहसीलदार का मोबाइल मिला बंद
अग्निपीड़ितों ने बताया कि आग लगने के दौरान उन लोगों ने एसडीएम व तहसीलदार के सीयूजी नंबर पर फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद था। फायर सर्विस स्टेशन का भी फोन नहीं लगा। ग्रामीणों का कहना है कि थाना प्रभारी के प्रयास के बाद अग्निशमन की गाड़ी पहुंच पाई।
जिला पंचायत सदस्य ने पीड़ितों को बांटी मदद
गांव अलादपुर भटौली गांव में आग की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार सिंह चौहान ने अग्नि पीड़ितों को लंच पैकट, बिस्किट आदि सामग्री वितरित की।