फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी ने गंगा संरक्षण समिति के माध्यम से शासन को विद्युत शवदाह गृह का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत भेजने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गंगा संरक्षण समिति के लिए शासन से बजट की मांग करने को कहा। बैठक में क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा बताया गया कि अंगूरीबाग, खानपुर एवं माधवपुर के बीच जाने वाले छोटे नालों से गंगा नदी में नमूना भरने पर रंगीन पानी प्राप्त हो रहा है। वस्त्र छपाई इकाइयां चलने की भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका फर्रुखाबाद को इन क्षेत्रों में सुबह 6.00 से 10.00 बजे तक व रात्रि में इकाइयों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बंदी की कार्रवाई के पश्चात भी इकाइयां चालू मिलें तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई जाए। गंगा नदी की जल गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी बनाएं रखें। जिलाधिकारी ने पांचाल घाट किनारे शवदाह करने वाले स्थानों एवं घाटों पर सफाई व्यवस्था को ठेका उठाने के निर्देश सोता बहादुर के प्रधान को दिए। नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अधिशासी अभियंता सिंचाई आदि मौजूद रहे।