फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी ने सांसद, विधायक व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थलों की अंतिम सूची जारी की। जिले में कुल 111 मतदेय स्थल बढ़े हैं।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर सांसद मुकेश राजपूत, विधायक व मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उपजिलाधिकारियों ने बताया कि मतदेय स्थलों की अंतिम सूची का आलेख्य प्रकाशित कर दिया गया।
विधानसभा क्षेत्र 192 कायमगंज में 470, अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र 193 में 379, फर्रुखाबाद विधान सभा क्षेत्र 194 में 413 व 195 भोजपुर विधान क्षेत्र में 380 मतदेय स्थल बनाए गए। इनमें किसी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
इससे पूर्व में 1531 मतदेय स्थलों से बढ़कर अब 1642 हो गई है। इस पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदेय स्थल सूची पर सहमति जताई। विदित है कि राजनीतिक दलों से प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर 18 नवंबर तक आपत्तियां व सुझाव मांगे गए थे।