फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट पुलिस ने चेन स्नेचिंग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 11 महिलाओं को पकड़ा। इनके कब्जे से जेवर बरामद किए गए। पकड़ी गई महिलाओं को जेल भेज दिया गया है।
चेन स्नेचिंग गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सोनिया, उजीता, गीता, अंजली, बविता, राजवती, अंजू, राजकुमारी, सोनू, कश्मीरा व सीमा निवासी जिला भरतपुर राजस्थान को देवरामपुर क्राॅसिंग थाना कादरीगेट से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके कब्जे से तीन सोने की चेन, नौ बटुआ, एक सोने का पैंडल, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी पायल बरामद की। बीते दिन सौरभ सिंह निवासी शांतिनगर पजाबा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा था कि 10-11 महिलाओं ने सौरभ की पत्नी को घेरकर उसके साथ मारपीट की। गले से सोने की चेन छीन ली थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि गंगा दशहरा को लेकर वे लोग पांचाल घाट पर एक साथ चोरी व लूट के उद्देश्य से आए थे। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि चेन स्नेचिंग में 11 महिलाओं को पकड़ा है। इन लोगों से जेवर भी बरामद किए गए हैं। सभी को जेल भेजा जाएगा।