मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। दो कारों की आमने-सामने टक्कर से एक महिला व बच्चों समेत 11 लोग घायल हो गए। एक कार चालक की हालत गंभीर होने के चलते उसे लोहिया रेफर कर दिया गया।
इटावा-बरेली हाईवे पर बुधवार को सकवाई गांव के निकट दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें जनपद मैनपुरी के किशनी निवासी रामकिशोर ओमनी कार से कानपुर के कल्यानपुर निवासी दामाद रवि शर्मा, जनपद औरैया के थाना फफूंद के गांव दौलतपुर निवासी दामाद आशीष शर्मा, पुत्री पूनम, आरती, पुत्रवधू शोभा बच्चों के साथ ओमनी कार से माघी पूर्णिमा के अवसर पर पांचालघाट गंगा स्नान कर घर वापस जा रहे थे।
इटावा-बरेली हाईवे पर सकवाई गांव के पास सामने से आ रही कार से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इससे कार में बैठे लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने ओमनी कार के घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजा। किशनी के गांव अरसारा निवासी ओमनी कार चालक धीरज कार में फंस गया।
पुलिस ने राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार चालक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। दुर्घटना होने से हाईवे पर जाम लग गया। लगभग आधा घंटे बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को किनारे कर आवागमन शुरु कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे कार सवार घायल रवि शर्मा, पूनम शर्मा, आशीष शर्मा, आरती शर्मा, रामकिशोर, धीरज, शोभा, तान्या, यश, शिवांगी, सौम्या का उपचार किया गया।
हालत गंभीर होने पर ओमनी कार चालक धीरज को डॉक्टर मोहित ने लोहिया रेफर कर दिया l दूसरी कार का चालक कार को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में ले लिया है।