प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षा मित्रों को शिक्षक बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई
है। बीएसए कार्यालय में पहले दिन काउंसलिंग में 225 शिक्षा मित्र शामिल
हुए। कमेटी के सदस्यों ने जांच कर इनके अभिलेख जमा कराए। इनको नियुक्ति
पत्र 30 अप्रैल के बाद जारी करने की विज्ञप्ति जारी किए जाने का
शिक्षामित्र संघ ने विरोध किया। बीएसए से 30 अप्रैल तक नियुक्ति पत्र जारी
करने की मांग की है।
परिषदीय स्कूलों में तैनात स्नातक 1087 शिक्षा
मित्रों को प्रशिक्षण के बाद शिक्षक पदों पर समायोजित किए जाने की
प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई है। पहले दिन काउंसलिंग में एक से 225तक
शिक्षामित्रों को बुलाया गया। कमेटी के सदस्यों ने काउंसलिंग में शामिल हुए
शिक्षामित्रों के अभिलेखों को देखने के बाद जमा कराया। जिनके अभिलेख कम थे
, उनको
वापस कर दिया गया। काउंसलिंग 22 अप्रैल तक चलेगी। इसके बाद महिला व
विकलांग शिक्षा मित्रों से 27 अप्रैल से विकल्प लेने का काम शुरू होगा। 5
मई तक विकल्प भरवाए जाएंगे। इसके बाद नियुक्ति पत्र जारी होंगे। आदर्श
शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने 5 मई तक विकल्प भरवाने और
इसके बाद नियुक्ति पत्र जारी किए जाने का विरोध किया।
संगठन के
पदाधिकारियों ने विज्ञप्ति का संशोधन कर 30 अप्रैल तक विकल्प भरवा कर
नियुक्ति पत्र जारी किए जाने की मांग को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
योगराज सिंह को ज्ञापन दिया। संगठन ने जिन शिक्षा मित्रों के पास ग्राम
शिक्षा समिति के प्रपत्र नहीं है, उनको भी काउंसलिंग में शामिल करने की
मांग की। इसी बीच प्राथमिक शिक्षक संघ के
जिलाध्यक्ष विजय बहादुर यादव भी आ
गए। इन्होंने शिक्षा मित्रों की मांग का समर्थन करते हुए बीएसए से कहा कि
30 अप्रैल तक नियुक्ति पत्र जारी किए जाए। शिक्षा मित्र संघ के अध्यक्ष
अनुराग पांडेय ने बताया कि बीएसए योगराज सिंह ने 30 अप्रैल तक नियुक्ति
पत्र जारी करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान रवीश बाबू, धर्मेश यादव, गणेश
पाठक, दीपक भाष्कर, राजेश यादव, संजय मिश्रा, शिव कुमार, श्याम मोहन समेत
कई शिक्षामित्र मौजूद रहे।
काउंसलिंग व विकल्प का मौजूदा आदेश
काउंसलिंग दिनांक
1 से 225 तक 18 अप्रैल
226 से 453 तक 19 अप्रैल
454 से 679 तक 20 अप्रैल
680 से 906 तक 21 अप्रैल
907 से 1087 तक 22 अप्रैल
विकल्प लिए जाएंगे दिनांक
1 से 80 तक 27 अप्रैल
81 से 160 तक 28 अप्रैल
161 से 240 तक 29 अप्रैल
241 से 320 तक 30 अप्रैल
321 से 402 तक 1 मई
403 से 480 तक 2 मई
481 से 561 तक 3 मई
562 से 648 तक 5 मई