फर्रुखाबाद। चार दिनों से दोपहर को धूप निकलने से तापमान चढ़ने लगा है। रविवार दोपहर को चटक धूप होने से लोगों को गर्म कपड़े उतारने पड़े। वहीं, अच्छी धूप निकलने से महिलाओं ने होली की तैयारियों को लेकर चिप्स और पापड़ बनाने शुरू कर दिए हैं।
सुबह-सुबह गर्म कपड़े पहनकर निकले लोगों को दोपहर में गर्म कपड़े उतारने पड़े। शाम को भी सर्दी का असर नहीं दिखाई दिया। अब तो लोगों ने रात को धीमी गति से पंखा चलाना शुरू कर दिया है। धूप निकलते ही महिलाओं ने चिप्स और आलू के पापड़ बनाने शुरू कर दिए हैं।
राजीव गांधी नगर में पापड़ बना रहीं मधु पांडेय, लक्ष्मी पांडेय, तमन्ना दुबे का कहना था कि होली के त्योहार में भी आठ-दस दिन ही शेष बचे हैं। ऐसे में आलू के पापड़ और चिप्स बनाना शुरू कर दिया है। दो-तीन दिन से चटक धूप निकलने से दोपहर होने से पहले ही पापड़ बना लेती हूं।