फर्रुखाबाद। महाशिवरात्रि पर सुरक्षा के लिए पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है। पांच प्रमुख मंदिरों के गेट पर फोर्स के साथ ही मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। रविवार को श्रंगीरामपुर व पांचालघाट पर पुलिस ने डाग स्क्वॉड के साथ सुरक्षा व्यवस्था देखी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि सोमवार को महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। प्रमुख पांच शिव मंदिर पंडाबाग, कोतवालेश्वर, पुठरी नवाबगंज, रामेश्वरनाथ कंपिल आदि के गेट पर मेटल डिटेक्टर लगवा दिए गए। इनके अलावा अन्य मंदिरों में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। बाहर से आने वाले कांवरियों का सिलसिला लगभग समाप्त हो चुका है।
अधिकांश स्थानीय श्रद्धालु शिवमंदिरों में महाशिवरात्रि पर कांवर चढ़ाने जाएंगे। इसके लिए गंगा घाटों को जाने वाले रास्ते पर भी सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं, मंदिरों में महिलाओं से छिनैती व छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए महिला आरक्षी लगाए गए हैं। नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार पुठरी मंदिर में डाग स्क्वॉड व बम निरोधक दस्ते ने पहुंच कर जायजा लिया।