जमीन के विवाद में कसबे में एक ही परिवार के दो पक्षों में मारपीट हो गई। इससे 10 लोग घायल हो गए। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई।
घायल राजेंद्र अवस्थी (45) ने बताया कि परिवार के ही कुछ लोगों से उनका जमीन संबंधी विवाद चल रहा है।
इसी विवाद के कारण मंगलवार की रात करीब साढ़े सात बजे कई हमलावर लाठी-डंडे व अवैध असलहे लेकर उनके घर में घुस आए। इसके बाद उन्हें, उनकी पत्नी गुड्डी अवस्थी (42), बेटी नेहा (19), निमी (14) पुत्र गोपाल (15), भाई नीरज अवस्थी (35), निधि (17), खुशी ( 12), तनु (9) व मनु (7) पुत्रीगण नीरज अवस्थी को पीटकर घायल कर दिया। हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग भी की।
आसपास के ग्रामीण दौड़े और पुलिस को सूचना दी। इस पर हमलावर जान से मार डालने की धमकी देेते हुए भाग निकले। घायलों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर निधि, नीरज, गोपाल को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉ. मो. आरिफ सिद्दीकी का कहना है कि गन शाट है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुदीप मिश्रा का कहना है कि नीरज के पास एक व्यक्ति रहता था। कुछ दिन पहले उन्हें परिवार के एक व्यक्ति ने अपने पास बुलाकर रख लिया और उनकी जमीन का बैनामा करा लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा व मारपीट हुई। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।