अयोध्या। दुकान के लिए लखनऊ से सामान खरीदकर ट्रेन से आ रहे एक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
चौरे बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र के बरहूपुर निवासी रजनीश चौरसिया (25) पुत्र कन्हैयालाल सोमवार सुबह दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस से दुकान के लिए राखी का सामान खरीद कर लखनऊ से घर वापस आ रहा था। रास्ते में सलारपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां और छोटे भाई बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक रजनीश चौरसिया अपने पांच बहन भाइयों में सबसे बड़ा और परिवार का सहारा था। करीब पांच साल पूर्व उसके पिता की मौत हो चुकी है। प्रयागराज हाईवे के किनारे मंगारी फर्टिलाइजर के पास छोटी सी जनरल स्टोर की दुकान करके वह परिवार का पालन पोषण करता था।