मसौधा (अयोध्या)। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भरतकुंड रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे लाइन पर शनिवार की भोर में मालगाड़ी ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पूराकलंदर पुलिस की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
शनिवार की भोर में लगभग पांच बजे प्रयागराज से अयोध्या कैंट की ओर मालगाड़ी जा रही थी। भरतकुंड रेलवे स्टेशन पार करते ही एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी जीआरपी को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में आसपास के दर्जनभर से अधिक लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की गई। जिस पर मृतक की शिनाख्त टोनिया बिहारीपुर निवासी देवांश चतुर्वेदी के रूप में हुई। मृतक के रिश्तेदार नगरिया गांव निवासी पंकज द्विवेदी ने पहुंचकर शव की शिनाख्त की। प्रभारी निरीक्षक पूराकलंदर राजेश सिंह ने बताया कि शव की पहचान हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीआरपी ने भेजा है। (संवाद)